मिर्ज़ा ग़ालिब: उर्दू अदब के आफ़ताब की मुकम्मल कहानी
मिर्ज़ा ग़ालिब की ज़िंदगी, इश्क़, ग़म और शायरी की मुकम्मल कहानी। जानिए आगरा से दिल्ली तक उर्दू अदब के इस आफ़ताब का सफ़र और उनके अमर शेर।

कहानी गहरी है, हर सफ़ा आपके दिल में उतर जायेगा
मिर्ज़ा ग़ालिब: उर्दू अदब के आफ़ताब
कुछ नाम ऐसे होते हैं जिन्हें किसी तारुफ़ की ज़रूरत नहीं होती। बस नाम लो, और एक पूरी दुनिया आँखों के सामने खिंच आती है। मिर्ज़ा असदुल्लाह ख़ाँ “ग़ालिब” का नाम कुछ ऐसा ही है, मेरे दोस्त।
जब भी ज़िंदगी भारी लगे, जब इश्क़ नाकाम हो, जब वजूद का कोई सवाल जवाब न दे, तब ग़ालिब का कोई न कोई शेर सामने आ खड़ा होता है। जैसे वो जानते थे कि हम आएंगे। जैसे उन्होंने हमारे लिए ही लिखा था।
१८वीं सदी के आख़िर में पैदा हुए इस अज़ीम शाइर ने उस दौर में आँखें खोलीं जब हिंदुस्तान की पुरानी तहज़ीब दम तोड़ रही थी। मुग़ल सल्तनत का सूरज डूब रहा था। और उसी डूबती रोशनी में ग़ालिब ने एक ऐसी शाइरी रची जो आज तक नहीं बुझी।
khoobsuratandaaz.com पर हम ग़ालिब की उस पूरी ज़िंदगी को आपके सामने लाना चाहते हैं, जो तारीखों और तथ्यों से परे है। वो ज़िंदगी जिसमें दर्द था, क़र्ज़ था, हँसी थी, आम थे, शराब थी, और इन सबके बीच वो लाज़वाल शाइरी थी जो आज भी हमारी रूह से बातें करती है।
मिर्ज़ा ग़ालिब: एक दिग्गज की इब्तिदाई दास्तान
समरक़ंद से चला एक क़ाफ़िला, और हिंदुस्तान को मिला उसका सबसे बड़ा शाइर। ग़ालिब का ताल्लुक़ एक मुअज़्ज़ज़ तुर्क घराने से था। उनके दादा मिर्ज़ा क़ोक़ान बेग ख़ाँ समरक़ंद से हिजरत करके हिंदुस्तान आए और आगरा में सुकूनत इख़्तियार की।
२७ दिसंबर १७९७ को आगरा के ‘काला महल’ में एक बच्चे ने जन्म लिया। नाम रखा गया मिर्ज़ा असदुल्लाह बेग ख़ाँ। ‘असद’ यानी शेर। मौला अली का लक़ब। और सच में, ये नाम उन पर बिल्कुल सही बैठा।
बचपन ग़मों का साथी रहा। पाँच साल की उम्र में वालिद चले गए, एक लड़ाई में शहीद होकर। चचा मिर्ज़ा नसरुल्लाह बेग ने सहारा दिया, लेकिन वो सहारा भी नौ साल की उम्र में छिन गया। इस तरह ग़ालिब ने बचपन में ही सीख लिया कि ज़िंदगी किसी का इंतज़ार नहीं करती।
| रिश्ता | नाम और विवरण |
|---|---|
| दादा | मिर्ज़ा क़ोक़ान बेग ख़ाँ (समरक़ंद से आए) |
| वालिद | मिर्ज़ा अब्दुल्लाह बेग ख़ाँ (१८०३ में वफ़ात) |
| वालिदा | इज़्ज़त-उल-निसा बेगम |
| चचा | मिर्ज़ा नसरुल्लाह बेग ख़ाँ (१८०६ में वफ़ात) |
| भाई | मिर्ज़ा यूसुफ़ (मानसिक रोग से पीड़ित) |
‘ग़ालिब’ नाम कहाँ से आया?
ग्यारह साल की उम्र में शाइरी शुरू कर दी थी उन्होंने। पहला तख़ल्लुस था ‘असद’। लेकिन बाद में उन्होंने चुना ‘ग़ालिब’, यानी जो ग़ालिब आए, जो जीत जाए, जो ओवरपावर कर दे। और देखिए, नाम ने कितना सच निभाया।
एक ईरानी सैयाह ‘अब्दुस समद’ का भी ज़िक्र आता है, जो क़रीब चौदह साल की उम्र में ग़ालिब के घर दो साल ठहरे और उन्हें फ़ारसी की बारीकियाँ सिखाईं। बाज़ नक़्क़ाद इसे फर्जी मानते हैं। पर एक बात कहूँ, जिसकी फ़ारसी पर ग़ालिब जैसी दस्तरस हो, उसे कोई न कोई आला उस्ताद तो मिला ही होगा।
कहानी जारी है, अगले सफ़े पे