तेरी उल्फत में – मेरी मोहब्बत फरेब नहीं है – क़िस्त 12 (पन्ना 5)
इतना कह के अलविना वहां से उठकर सामने बनी बालकनी में चली गई। उसका चेहरा अब आंसुओं से भीग गया था। उसका अकेला रोना शायद बादलों को मंजूर नहीं था। वो भी उसके साथ रोने लगे। पर अलविना को एहसास ही नहीं था। सच ही कहते हैं, कि गम और खुशी ऐसे एहसास हैं जो दूसरे सब एहसास मिटा देते हैं।
“अलविना, अंदर चलो, भीग जाओगी।” साहिल की आवाज़ पर वह अपने आंसु पोंछते हुए बोली “मुझे कुछ नहीं होने वाला साहिल आप फ़िक्र नहीं करिए।
“आपको नहीं तो मेरी सोनी को तो हो सकता है ना। और अगर मेरी सोनी को कुछ हुआ तो मैं मर जाउंगा। एक बार कुछ यूं ही बरस रहे थे बादल, उन बादलों ने मुझे मोहब्बत से महरूम करा दिया था। आज इनको जीतने नहीं दे सकता। इस बार तो बिल्कुल नहीं।” साहिल ने करीब आकर अलविना के सामने घुटनो पे बैठे हुए कहा “अलविना मुझे यह तो नहीं पता कि तुमने मेरे अंदर क्या खास बात देखी, हो सकता है कि तुम्हारे दिमाग का स्क्रू ढीला हो या तुम्हारी नजर कमजोर हो। पर मेरे साथ ऐसा कुछ नहीं है और मैं इसी कंडीशन में तुमको पसंद करता हूं और हमेशा करता रहूंगा।”
अलविना को अपने कानों पर यकीन नहीं हुआ था, वह भी अपने घुटनो पर बैठते हुए बोली “साहिल तुम सच कह रहे हो ना।”
साहिल उसके आंसु पोंछते हुए बोला “हां अलविना, तुमने मुझे दो वजह दी हैं तुमसे मोहब्बत के लिए, एक दोस्त अलविना के रूप में और मुझसे मोहब्बत करने वाली सोनी जिसने मुझे दोबारा असल में जीना सिखाया। मैं दोनों की आँखों में आँसु और चेहरे पर गम नहीं देख सकता।”
अलविना खुशी से साहिल के गले लग गई और बोली “हमको यकीन था कि साहिल अपनी सोनी से नाराज़ नहीं रह सकता। सोनी अपने साहिल से बहुत मोहब्बत करती है। उसकी मोहब्बत कोई उससे छीन नहीं सकता।”
साहिल बोला “हां सही कहा अलविना आपने, पर एक बात कहूं बुरा तो नहीं मनोगी?”
अलविना ने साहिल की आंखों में देखते हुए कहा “अभी भी तुमको लगता है कि मैं तुमसे नाराज़ हो सकती हूं, स्टुपिड। बोलो क्या कहना है।”
” ओके, पहली बात तुम बड़ी खराब मेहमान नवाज हो, इतनी देर से एक कप चाय तक नहीं पूछी। बारिश में भिगोया वह अलग। ऊपर से आप इतनी हल्की नहीं है जो मुझ जैसे मासूम के घुटनो पर इतनी देर से बैठी हैं।” साहिल ने अलविना की आंखों में देखते हुए मासूमियत से कहा।
“साहिल तुम्हारा मतलब मैं मोटी हूं, अब तुम्हारी खैर नहीं। जाओ हम तुमसे बात नहीं करेंगे!” यह कहते हैं अलविना उठी और साहिल को एक धक्का देते हुए अलग हुई।
“अलविना सॉरी! पर प्लीज इस बार मारना मत पिछली बार की तरह। गलती से खुशी में सच निकल गया।” साहिल अलविना के पास आते हुए बोला।