तेरी उल्फत में | प्याज़ का कत्ल, चाय की चुस्की और दिल की हल्की सी दस्तक | क़िस्त 10
कशिश की प्याज़ और अरसलान की बिरयानी की नोक झोंक, और हाजी अली पर न्यूटन और अलविना की चाय। पढ़िए तेरी उल्फ़त में की क़िस्त 10, दिल की हल्की सी दस्तक।

“क्या बात है शरफू। कोई परेशानी है क्या?” शमशेर खान ने शरफू से पूछा जो कुछ परेशान सा था।
“जी सर, असल में आज घर से फोन आया है। वहां कुछ जरूरी काम है।” शरफू ने जवाब दिया।
“ओह, तो तुमने बताया क्यों नहीं हमको। खैर कोई बात नहीं। तुम घर जाओ। और हम राजू से कह देते हैं वह तुमको गाड़ी से छोड़ आएगा। घर में जरूरी काम है तो ट्रेन से जाने में वक्त लग सकता है। तुम जाओ और तैयारी करो।” शमशेर खान ने कहा।
“जी सर मैं आपके लिए खाने के लिए कुछ बना देता हूं।” शरफू ने कहा तो शमशेर खान बोले “नहीं, तुम उसकी टेंशन ना लो, तुम घर जाओ। और यह लो कुछ पैसे लेते जाओ। शायद ज़रूरत पड़ जाए।” शरफू सर हिला के चला गया।
“शरफू के जाने से एक परेशानी हो गई अरसलान। अब हम तुमको खिलाएं क्या। असल में किचन का सारा काम वही देखता है। और उसके साथ वाला लड़का पहले ही छुट्टी पे है। अब तो बाहर से ही मंगवाना पड़ेगा।” शमशेर खान कुछ सोचते हुए बोले।
“अब सर इसमें कौन सी बड़ी बात हो गई। और बाहर से क्यों मंगवाना, चलिए मिल के कुछ बनाते हैं। इसी बहाने कुछ चेंज हो जाएगा।” अरसलान बोला।
“नहीं मिया, आज तो तुम हमारे मेहमान हो। पहली बार आए हो और पहली बार में ही ये सब।” शमशेर खान ने कहा तो अरसलान बोला “कुछ देर पहले आपने कहा कि आप मेरे अपने जैसे हैं। अब आप मुझे मेहमान कह के पराया भी कर रहे हैं।”
“हम्म, ठीक है, चलो जैसी तुम्हारी मर्ज़ी। ऐसे हमें भी अपने पुराने दिन याद आएंगे, जब हम भी कभी-कभी किचन में कुछ उल्टा सीधा पकाया करते थे।” शमशेर खान ने मुस्कुरा के कहा।
“तब शायद आप अकेले रहते होंगे?” अरसलान ने पूछा।
“नहीं मिया, तब हम अपनी मरहूम बीवी के लिए पकाते थे।” शमशेर खान ने मुस्कुराते हुए कहा। अरसलान मुस्कुरा दिया तो शमशेर खान बोले “बरखुरदार कभी हम भी जवान हुआ करते थे।” इस बात पे दोनों हंसने लगे।
कुछ देर बाद कशिश किचन में आई और हैरानी से बोली “पापा आप यहां क्या कर रहे हैं?”
“अरे बेटा, शरफू को अचानक जाना पड़ गया। तो हमने और अरसलान ने सोचा कि हम दोनों ही कुछ बना लेते हैं।” शमशेर खान ने जवाब दिया।
“तो पापा, कुछ बाहर से ऑर्डर कर लेते हैं।” कशिश ने कहा तो शमशेर खान बोले “हम्म, सोचा तो हमने भी यही था पर अरसलान की राय थी कि हम लोग घर में ही कुछ बनाते हैं। तो हमने सोचा बहुत अरसा हुआ किचन का रुख किए। बस हम लोग लग गए।”
कशिश को फिर अरसलान पे गुस्सा आ गया। उसने घूर कर उसे देखा तभी शमशेर खान बोले “अच्छा अब तुम आ गई हो तो दो से भले तीन। आओ हाथ बटाओ। मजा आएगा तुमको भी।”
“जी पापा, पर मैं करूं क्या?” ना चाहते हुए भी कशिश को हां बोलना पड़ा।
“एक काम कीजिए, आप ये प्याज़ काटिए।” अरसलान चॉपिंग बोर्ड उसकी तरफ बढ़ाते हुए बोला।
कशिश ने उसे घूरते हुए बोर्ड लिया। पर उसे कुछ आता तो था नहीं जो वह कुछ कर पाती। बस किसी तरह उसने प्याज़ का कत्ल कर डाला।
“यह कैसे काटी है आपने प्याज़। लगता है आपको प्याज़ काटना नहीं आता।” अरसलान ने बेतरतीबी से कटी हुई प्याज को देखा।
“हां, हमको इन सब कामों की आदत नहीं है। ज़रूरत नहीं पड़ती।” कशिश ने लपरवाही से कहा।
“तो क्या हुआ कभी-कभी ज़रूरत पड़ भी जाती है। जैसे आज पड़ी।” अरसलान ने काम करते हुए कहा।
“ऐसी ज़रूरत नहीं आएगी, और अगर आएगी तो हम खुद करने से बेहतर बाहर से मंगवाना पसंद करेंगे।” कशिश ने जवाब दिया।
“ओह, कभी-कभी खुद करने में भी मजा आता है बेटा।” शमशेर खान ने समझाया।
“ओह पापा, किचन में काम करने का कैसा मजा।” कशिश ने कहा।
“लेकिन कशिश किचन का थोड़ा बहुत काम तो सभी को आना चाहिए। खासतौर से लड़कियों को तो जरूर से।” अरसलान ने कहा।
“देखो अरसलान, अपनी-अपनी सोच है। मुझे लगता है कि शायद तुम लड़कियों से यही उम्मीद करते हो कि वो किचन में काम करें, घर संभाले! ऑलमोस्ट एक नौकरानी से ज्यादा वैल्यू ना हो। ना उनकी कोई जिंदगी, ना उम्मीद। शादी के बाद यही नजरिया होगा अपनी बीवी के लिए।” कशिश ने अरसलान से काफ़ी नाराज़गी से पूछा।
“नहीं, यह घटिया सोच नहीं है मेरी। मैं तो यह सोचता हूं कि लड़का हो या लड़की दोनों को थोड़ा बहुत काम आना ही चाहिए। अगर दोनों मिल के घर की जिम्मेदारी संभालें तो जिंदगी आसान होती है। आजकल की भागदौड़ में ज़रूरी है। लड़का हो या लड़की दोनों को अपनी जिंदगी जीने का हक है। हां यह बात मैं समझता हूं कि हमारी सोसाइटी में लड़कियों से उम्मीद की जाती है कि वो घर संभालें। पर अब वक्त बदल रहा है।” अरसलान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया।
“हम्म बहुत अच्छी बात कही तुमने अरसलान, यह नई सोच ही अब हमारी सोसाइटी को बदल सकती है। अगर दोनों मिलकर घर और बाहर का काम संभालें तो सही में बहुत अच्छा होगा। आला सोच है तुम्हारी, और अगर यही सोच हमारी सोसाइटी में कुछ हद तक भी प्रैक्टिकल हो जाए तो बहुत बड़ा चेंज होगा और कई परेशानियां होने से पहले ही हल हो जाएंगी। शमशेर खान काफ़ी गर्म जोशी से बोले।
“शुक्रिया सर, वैसे कशिश क्या आपको किचन का कुछ भी काम नहीं आता।” अरसलान ने बिरयानी को दम पर रखते हुए पूछा।
“हमको दूध गर्म करना आता है, कॉफी और चॉकलेट मिल्क बनाना आता है। और हम 2 मिनट्स नूडल्स भी बना लेते हैं।” कशिश ने जवाब दिया।
“चलिये अच्छा है, वैसे एक आध चीज और सीख लीजिये, क्योंकि भूक का क्या है, कभी भी लग जाती है।” अरसलान की इस बात पे शमशेर खान हंस पड़े। कशिश ने अरसलान को घूरा तो अरसलान सिर्फ मुस्कान दिया।
कुछ देर बाद डाइनिंग टेबल पे सब मिलकर बिरयानी का लुत्फ उठा रहे थे।
“भाई मजा आ गया, बिरयानी तो कमाल की बनी है।” शमशेर खान बोले।
“शुक्रिया। बस कभी-कभी, यू ही बना लेता हूं।” अरसलान ने कहा।
“अरे मिया, तुमने तो गजब की बिरयानी बनाई है। अच्छा हुआ जो हमने बाहर से कुछ नहीं मंगाया, वरना इतनी लज्जतदार चीज से महरूम रह जाते।” शमशेर खान कोई तीसरी बार प्लेट में बिरयानी डालते हुए बोले।
“वैसे मैंने डिजर्ट में शाही टुकड़े भी बनाए हैं। आप वो भी ट्राई करिए।” अरसलान ने हंसते हुए कहा तो शमशेर खान हंसते हुए बोले “तुम परेशान ना हो। हमको याद है। उसके साथ भी पूरा इंसाफ करेंगे।”
कशिश चाहते हुए भी कुछ नहीं कर पा रही थी। अरसलान उसे जरा सा अच्छा नहीं लगता था, पर उसके पापा को उससे अच्छा इंसान कोई नहीं लगता था। उसे गुस्सा आ रहा था पर कुछ करना उसके बस का नहीं था। तभी अरसलान ने उसके ख्यालों को तोड़ा। “कशिश आपको पसंद आई बिरयानी या नहीं। आपने बताया ही नहीं।”
“हम्म, अच्छी है।” कशिश ने लपरवाही से जवाब दिया।
“अच्छा मुझे आपसे एक जरूरी बात पूछना है।” अरसलान ने कशिश से कहा।
“क्या पूछना है।” कशिश ने हैरानी से कहा। वह सोचने लगी कि अरसलान को उससे क्या जरूरी बात करनी है।
“बात यह है कि आपको प्याज़ से क्या दुश्मनी है। इतना ज़ुल्म क्यों किया था आपने आज प्याज़ के साथ” यह कह के अरसलान हंसने लगा। साथ में शमशेर खान भी हंसने लगे। दोनों को हंसता देख कशिश को बहुत तेज गुस्सा आया पर उसने अपने आपको संभाला और बोली “हमको प्याज़ काटने में तकलीफ हो रही थी, आंखों में आंसू आ रहे थे, बस इसिलिए। अब कोई बड़ी बात तो नहीं है।”
“क्या बात कर रही हैं आप। यह तो बहुत बड़ी बात है। बड़े-बूढ़े कहते हैं कि अगर प्याज़ काटने पर लड़की की आंखों से आंसू आएं तो उसका शौहर बहुत मोहब्बत करने वाला होता है।” अरसलान ने बड़े ही संजीदा अंदाज से कहा।
“क्वाइट फनी अरसलान, सब बेकार है। आँसू सबकी आँखों से निकलते हैं। इतना बड़ा इश्यू नहीं है। तुम्हारी आँखों से भी निकलते होंगे।” कशिश ने कहा।
“हम्म, हम बदनसीब हैं इस मसले में। नहीं निकलते।” अरसलान ने जवाब दिया।
“तो अच्छा है, तुम्हारी बीवी तुम्हारा बैंड बजाएगी। यही सही रहेगा तुम्हारे साथ।” कशिश ने पहली बार मुस्कुराते हुए अरसलान को जवाब दिया। अरसलान बस उसी बात पे मुस्कुरा दिया।
शमशेर खान अपने डिजर्ट का मजा लेते हुए अरसलान और कशिश की नोक झोंक देख रहे थे और मुस्कुरा रहे थे।
दोस्ती और अपनेपन से भरी चाय का शुक्रिया
लास्ट सेमेस्टर एग्जाम खत्म हो गए थे। यह पूरा महीना सिर्फ भागदौड़ और टेंशन में बीता था। पर इस पूरे महीने न्यूटन काफ़ी परेशान रहा। सभी यही सोचते रहे कि न्यूटन एग्जाम की वजह से परेशान है। पर जब एग्जाम के बाद भी न्यूटन बुझा-बुझा सा रहने लगा तो रोहित ने उससे पूछा, “यार, क्या बात है। कई दिनों से देख रहा हूं। तू परेशान सा रहता है। क्या बात हो गई है। पहले लगा कि एग्जाम का टेंशन है पर अब एग्जाम हुए भी एक हफ्ते से ऊपर हो चुका है।”
न्यूटन बोला “नहीं यार कोई बात नहीं है।” उसने टालना चाहा पर रोहित बोला “यार अब तू मुझसे झूठ बोलेगा, तेरी शकल से पता चल रहा है कि तू परेशान है। चल बोल दे क्या बात है।”
न्यूटन ने एक गहरी सांस ली और उस रात की बात रोहित को बता दी और बोला “यार मुझे लगता है कि कहीं उसने कुछ कर ना लिया हो। मैंने कई बार उसका नंबर ट्राई किया, WhatsApp और SMS भी किया पर कोई जवाब नहीं आया। फोन बंद है। मुझे लगता है कि मैंने शायद गलत किया उसके साथ।”
“हम्म, तो यह बात है। मतलब कि उस लड़की और तुम्हारे बीच यह बात हुई।” रोहित सोचते हुए बोला।
“यार मुझे लगता है कि मैंने अपनी ज़िद के आगे उस लड़की को बहुत दुख दिया। मैं अपने खोल में बंद रहा और उससे निकलने की कोशिश नहीं की। तुम सबने कितना समझाया पर मैं अपनी ज़िद पे अड़ा रहा। अब मुझे बहुत अफसोस हो रहा है।” न्यूटन अपनी आँखों से आँसू पोंछते हुए बोला।
रोहित बोला “देख न्यूटन हर इंसान को दूसरा मौका मिलना चाहिए। और जो हुआ उसमें तेरी गलती नहीं थी। फ़िज़ा तेरे लायक नहीं थी। वह तेरे को डिजर्व ही नहीं करती थी। पर तू उसके रिजेक्शन को इतना सीरियसली लिए बैठा था। यहां पता नहीं कितनी लड़कियों मुझको रिजेक्ट कर चुकी हैं पर देख मेरी सेहत पर कोई असर नहीं हुआ।”
“तो क्या तुमको लगता है कि उस लड़की को अब मैं डिजर्व करता हूं। मैंने उसके साथ कितना बुरा सुलूक किया है।” न्यूटन ने रोहित से पूछा तो वह बोला “यह अब इस बात पर डिपेंड करता है कि क्या वह वापस तुम्हारी जिंदगी में आती है या नहीं। अगर वह तुमसे सच्ची मोहब्बत करती है तो शायद वापस आए।”
“पर उसने कहा था कि वह मेरी जिंदगी से हमेशा के लिए जा रही है।” न्यूटन ने एक ठंडी आह के साथ कहा।
रोहित न्यूटन के कांधे पे हाथ रखते हुए बोला “उम्मीद पर दुनिया कायम है भाई। इंतजार कर। चल अब सो जा कल हमको एक फ्लैट देखने जाना है। अब हॉस्टल छोड़ना जो है। अरसलान ने किसी डीलर से बात की है। ऑफिस के पास ही है। मैं भी अपने रूम में जा रहा हूं।”
“हां तो कैसा लगा आपको यह फ्लैट। देखिए आपके बजट में है। आस पास मार्केट है। लोकेशन भी अच्छी है। आप लोग बैचलर हैं, इसलिए यहां आपको एक फायदा रहेगा। प्रॉपर्टी डीलर ने कहा।
“क्या फ़ायदा रहेगा?” प्रॉपर्टी डीलर बोला तो अरसलान ने पूछा “जी इस एरिया में स्टूडेंट्स काफी हैं, और आपकी तरह सिंगल लोग भी। तो टिफिन सर्विस भी अवेलेबल रहेगी। दूसरे कई अच्छे खाने के होटल भी है। बाकी सभी फैसिलिटीज भी है। पॉवर सप्लाई और वॉटर इश्यूज नहीं है।”
“हम्मम, जगह तो मुझे अच्छी लग रही है, अरसलान तुम्हारी क्या राय है?” रोहित बोला।
“हां मुझे भी पसंद है, न्यूटन यार तू कहां खोया है। बता तुझे भी रहना है यहां।” अरसलान बोला।
हां मुझे भी अच्छा लग रहा है ऑफिस और बाकी सब नजदीक ही है। न्यूटन ने भी सहमती दी।
ठीक है तो आप लोग फॉर्मेलिटीज पूरी कर दीजिए। मुझे आप लोगों की एक आईडी चाहिए होगी। और यहां के किसी लोकल रहने वाले का रेफरेंस। इससे काम आसान हो जाता है। लोकल रेफरेंस में आप अपनी कंपनी के किसी सीनियर का रेफरेंस भी दे सकते हैं। बाकी सब मैं देख लूंगा। एक दो दिन में आप शिफ्ट कर सकते हैं।
“जी ठीक है, कल तक हम सब डॉक्युमेंट्स दे देंगे। आपका बहुत – बहुत शुक्रिया।” रोहित बोला और फिर सब बाहर वापस हॉस्टल की तरफ चल पड़े। रास्ते में न्यूटन बोला “यार मैं हाजी अली जाना चाहता हूं।”
“तो अकेला क्यूं जा रहा है हम भी चलते हैं।” अरसलान बोला तो रोहित बोला “हां मेरा भी कुछ हो जाएगा। तुम सबका तो ठीक ही होगा। मुझे अपनी फ़िक्र है। घर वाले फुल मूड में है कि मेरी शादी हो जाए। मुझे कुछ दिनों तक उस बला को टालना है। यही मांग लूंगा।” रोहित की बात सुनकर न्यूटन और अरसलान हंसने लगे।
थोड़ी देर बाद, वो तीनों हाजी अली में थे। कुछ देर उन्होंने वहीं गुजारी। जब चलने की बात हुई तो न्यूटन बोला, यार तुम लोग चलो मैं अभी कुछ देर यहीं रुकूंगा। जल्दी वापस आने का बोल अरसलान और रोहित चले गए। न्यूटन कुछ देर वहीं बैठा रहा। कुछ अजब ही कशिश और खिंचाव होता है ऐसी जगहों पर, इंसान का दिल जितना भी परेशान हो, कुछ आराम तो मिल ही जाता है। न्यूटन को भी वहां आराम मिल रहा था। कुछ देर बाद जब न्यूटन दरगाह से बाहर आ गया। फिर चलते हुए किनारे रोड पे आ गया। रोड पे एक खोमचे वाले से एक कप चाय ले के वह वहीं बैठ गया। वह अभी भी दरगाह को ही देख रहा था।
“बड़े कंजूस इंसान हैं आप साहिल साहब, अकेले – अकेले यहां इतने सुहाने माहौल में चाय की चुस्कियां ले रहे हैं।” न्यूटन के पीछे से आवाज आई तो वह पलटा, सामने अलविना खड़ी मुस्कुरा रही थी।
“ओह, अलविना आप हैं, और कंजूसी कैसी आप भी आइए और मेरे साथ चाय का लुत्फ उठाइए।” न्यूटन ने मुस्कुरा के कहा।
“वाह आप तो बड़े दिलदार इंसान निकले। वैसे आप यहां क्या कर रहे हैं।” अलविना चाय का कप पकड़ते हुए वहीं साहिल के साथ बैठ गई।
“मैं तो यहाँ दरगाह आया था, और आप?” न्यूटन ने जवाब दिया।
“मैं भी दरगाह ही आई थी।” अलविना ने जवाब दिया।
“और बताइए क्या हाल चाल हैं आपके। कई दिनों से आप मिली ही नहीं।” न्यूटन ने अलविना से पूछा।
“मिले तो आप भी नहीं।” अलविना ने मुस्कुराते हुए कहा।
“हां, बात तो सही है। पिछले कई दिनों से एग्जाम में बिजी था। शायद आप भी बिजी होंगी।” न्यूटन बोला।
“पर एग्जाम खत्म हुए तो कोई एक हफ्ता हो गया। पर तब भी आप दिखें नहीं।” अलविना ने पूछा।
“कुछ नहीं, अलविना बस ऐसे ही।” न्यूटन ने टालना चाहा।
“हम्म… अब नहीं बताना है तो कोई बात नहीं। आपकी शकल पे मौजूद थकावट साफ बयान कर रही है।” अलविना ने मुस्कुरा के पूछा।
“अच्छा क्या बयान कर रही है।” न्यूटन ने मुस्कुरा के पूछा।
“बहुत कुछ जो आप बताना नहीं चाहते साहिल साहब।” अलविना ने मुस्कुरा के कहा।
“अच्छा बताइए अलविना साहिबा, क्या बयान कर रहा है मेरा यह चेहरा।” न्यूटन ने फिर मुस्कुराते हुए पूछा।
“हम्म… देखने से तो मुझे सौ परसेंट दिल का मामला लग रहा है। पर आपके साथ हुई वह डिस्कशन याद है मुझे। पर फिर भी लगता है कि कोई है जो आपकी रातों की नींद और दिन का चैन ले के गायब हो गई है।” अलविना ने मज़े लेते हुए कहा।
“कमाल है बस, रहने दो। समझ आ गया है कितना कुछ जानती है आप फेस रीडिंग के बारे में।” न्यूटन ने हंसते हुए कहा। न्यूटन इस वक्त दिल खोल के हंस रहा था। अलविना उसे देख कर मुस्कुराने लगी। फिर बोली “साहिल क्या हो गया। पागल हो गए हो क्या। बस करो।”
“कुछ नहीं मैं ठीक हूं। बस आपके प्रेडिक्शन्स पे हंसी आ रही थी।” न्यूटन अपनी हंसी रोकते हुए बोला।
“चलो मेरी बेफालतू की बातों से तुम्हारा मूड तो ठीक हुआ।” अलविना बोली।
“हां यह बात तो है, कई दिन बाद इतनी शिद्दत से हंसी आई है।” न्यूटन बोला।
“वैसे कितने दिनों बाद तुम खुल के हंसे हो साहिल, यह बात भी बता दो।” अलविना ने न्यूटन की आंखों में देखते हुए बोला।
“मतलब!” न्यूटन उसकी बात पर झेप गया।
“हां, बताओ ना कितने दिनों बाद तुम खुल के हंसे हो। और प्लीज सच बोलना।” अलविना अभी भी उसी तरह उसकी आंखों में देखते हुए बोली।
“मैं झूठ क्यों बोलने लगा अलविना। और यह कौन सी बात हुई। मैं खुश हूं, मज़े में हूं।” न्यूटन बोला।
“सच में, चलो तुम कह रहे हो तो मान लेती हूं, पर तुम्हारा चेहरा कुछ और बयान कर रहा है।
खैर तुम नहीं बताना चाहते तो कोई बात नहीं, शायद अभी तक तुमको मुझपर इतना यकीन नहीं है, जितना मुझे तुमपर है।” अलविना ने मुस्कुरा के जवाब दिया।
“नहीं ऐसा कुछ नहीं है अलविना। कोई बात हो तो शेयर करूँ ना।” न्यूटन बोला।
“हम्म… कोई बात नहीं साहिल, बस मैं तुमको इतना बता देना चाहती हूं कि मैं हर किसी के साथ रोड के किनारे बैठ के चाय नहीं पीती। और तुम वह पहले शख्स हो। अच्छा अब मैं चलती हूं।” अलविना ने उठते हुए कहा।
“प्लीज ऐसा कुछ नहीं है अलविना, मुझे आप पर भरोसा है।” न्यूटन ने उठती हुई अलविना का हाथ पकड़ लिया।
“मेरा हाथ छोड़िए साहिल!” अलविना ने कहा तो साहिल ने घबरा कर उसका हाथ छोड़ दिया और बोला “आई एम… आई एम सॉरी, वह आप नाराज़ हो के जा रही थी तो…।”
“इट्स ओके साहिल, पर मेरी नाराजगी आपके लिए इतनी मायने रखती है क्या!” अलविना फिर से बैठते हुए बोली।
“मेरे लिए हर उस शक्स की नाराजगी मायने रखती है जो मेरी जिंदगी में जरूरी है। और जो कुछ पिछले कुछ दिनो में हुआ है उसके बाद तो मैं किसी को नाराज़ करने की सोच भी नहीं सकता।” न्यूटन बोला।
“हम्म… मतलब मैं आपकी जिंदगी में मायने रखती हूं, पर हुआ क्या है आपके साथ।” अलविना ने मुस्कुराते हुए कहा।
“मैंने किसी का दिल तोड़ा है अलविना, और अब मुझे अपनी गलती का एहसास हो रहा है।” न्यूटन ने डूबती हुई आवाज में कहा।
“कोई लड़की है, जिसका दिल तोड़ा है आपने।” अलविना ने न्यूटन की आंखों में देखते हुए कहा।
“हां, एक लड़की है। पर अब पता नहीं है कि नहीं।” न्यूटन ने जवाब दिया।
“देखा मेरा अंदाज़ा गलत नहीं होता। पर वह अब नहीं है से क्या मतलब हुआ। प्लीज जरा खुल के बताइए आप।” अलविना ने इसरार किया तो न्यूटन उस अंजान लड़की के बारे में सब बताता चला गया।
“ओह तो यह बात है, बड़ी ही कमाल की लड़की है, आपके सामने नहीं आई। आपके बारे में पूरी इन्फॉर्मेशन रखी है। लगता है आप उसके दिल और दिमाग पे छाए थे।” अलविना ने मज़े से कहा।
“हां और अब वह मेरे दिल और दिमाग पे छाई हुई है।” न्यूटन बोला।
“पर आप क्यों इतने परेशान हो रहे हैं। आपने तो कहा था कि प्यार वगैरह में दिलचस्पी नहीं है, फिर उस लड़की के बारे में क्यों सोच रहे हैं। हो सकता है कि वह मजाक कर रही हो। और आपने तो नहीं कहा था कि वह आपके पीछे पड़ जाए। मोहब्बत कर ले।” अलविना ने हंसते हुए कहा।
“पता नहीं अलविना, मुझे क्या हो गया, उस रात की बातों से लगा कि वह कहीं से भी झूठ नहीं बोल रही। उसकी एक – एक बात में सच्चाई थी। उसकी दलीलें और जाने से पहले वह आखिरी कॉल, सब कुछ सच था। मुझे लगता है कि मैंने उसे मार डाला है।”
“हम्म… उस लड़की ने आपके दिल को फिर से धड़कना सिखाया है। अब आप क्या करेंगे?” अलविना ने कहा।
“क्या करूं कुछ समझ नहीं आता, रोज कॉल करता हूं, और मैसेज भेजता हूं पर कोई जवाब नहीं आता। एक बार अगर वह मौका दे तो मैं कम से कम अपनी गलती की माफ़ी मांग लूंगा।” न्यूटन ने जवाब दिया।
“अच्छा अगर वह आपको दोबारा मिल जाए और आपको माफ़ कर दे तो क्या आप उसकी मोहब्बत क़ुबूल करेंगे। आपने उसे देखा ही नहीं है, मान लीजिए कि आपकी जितनी काबिल या अच्छी ना दिखती हो, यू नो व्हाट आई मीन टू से। अलविना ने पूछा।
“हर इंसान को दूसरा मौका मिलना चाहिए, मुझे भी दोबारा मोहब्बत करने का हक तो है। रही बात काबिलियत की, तो मेरे साथ रह के काबिल हो ही जाएगी। और खूबसूरत, प्लीज देखो मुझे, मैं किस एंगल से आपको बहुत स्मार्ट दिखता हूं।” न्यूटन ने हंसते हुए जवाब दिया।
“तुम लड़कियों को नहीं समझ सकते हो साहिल, ज्यादातर लड़कियों को एक अच्छा इंसान चाहिए होता है। ऐसा इंसान जो उनको समझ सके, उनको चाहे। बस इतना काफ़ी होता है।” अलविना ने मुस्कुरा के कहा।
“हम्म… आपको भी क्या यही सब चाहिए।” न्यूटन ने पूछा।
“पता नहीं, पर अभी तो मुझे सिर्फ एक चीज चाहिए, कुछ खाना है। बहुत भूख लगी है।” अलविना ने उठते हुए कहा।
“हां भूख तो मुझे भी लग रही है। चलिए किसी अच्छी जगह चलते हैं, मैं भी कुछ खा लेता हूं।” न्यूटन ने उठते हुए कहा।
“एक सजेशन दूं, मेरा घर वॉकिंग डिस्टेंस पे है, मेरे घर चलो, मैं ठीक-ठाक खाना बना लेती हूं।” अलविना ने कहा।
“हॉस्टल के मेस से तो अच्छा होगा, पर आपके घर, आपके घर वालों को अच्छा नहीं लगेगा।” न्यूटन बोला ।
“अकेले रहती हूं, पैरेंट्स फॉरेन में हैं।” अलविना ने कहा।
“ओह…” न्यूटन बोला तो अलविना हंसती हुई बोली “डरो मत, तुमको इस बार नहीं मारूंगी या पिटवाऊंगी। और एक बात और, इस दोस्ती और अपनेपन से भरी चाय का शुक्रिया” न्यूटन हंसने लगा और अलविना के साथ उसके घर की तरफ चल पड़ा।