तेरी उल्फत में – मेरी मोहब्बत फरेब नहीं है – क़िस्त 12
साहिल को पता चला कि सोनी ही अलविना है। झूठ की बुनियाद पर टिकी मोहब्बत और एक सच्चा इक़रार, पढ़िए तेरी उल्फ़त में की क़िस्त 12।

आने वाले दिन काफ़ी उलटफेर और तूफ़ान लाए थे। शमशेर खान ने सिकंदर खान को अपने बिजनेस से और जिंदगी से बेदखल कर दिया। सिकंदर खान के ऊपर फ्रॉड के चार्जेज लगे और उसे अरेस्ट कर लिया गया। “तुम बहुत बड़ी गलती कर गए शमशेर! जो मुझसे उलझ गए। पर यह कानून ज़्यादा देर मुझे अपनी क़ैद में नहीं रख पाएगा। कानून से कैसे खेलना है मैं अच्छी तरह जनता हूं। बस तुम एक बात समझ लो, मैं तुमको इतना रुलाऊंगा कि तुम जिसका अंदाज़ा भी नहीं लगा सकते।”
जाते हुए सिकंदर खान का यह आखिरी लफ्ज़ था, जिसपे शमशेर खान बोले “मैं तुम्हारी गीदड़ भपकियों से डरता नहीं हूं। मुझे अपने खुदा पर भरोसा है, वह मुझे तुम जैसे लोगों से बचाता है। आगे भी बचा लेगा।”
कुछ दिन सभी लोग इन सब चीज़ों में मसरूफ़ रहे, फ़िर ज़िंदगी नॉर्मल होने लगी। कई दिन बाद सभी दोस्त समुंदर के किनारे बैठे हुए वक्त गुजार रहे थे।
अरसलान बोला “जिंदगी कितनी बदल गई है। कभी हम लोग कितना टाइम एक साथ गुजारते थे अब देखो शायद महीने भर बाद इतनी फुर्सत मिली है।”
“हां यार, सही में कितनी मसरूफियत है अब।” राज बोला।
“तुम लोगों का तो पता नहीं पर साहिल सच में बहुत बिजी है। ऑफिस में बॉस के ऑर्डर बजाता है, घर में फोन वाली लड़की के। बेचारा बड़ा मसरूफ है।” रोहित चाय की चुस्की लेते हुए बोला तो सब साहिल को देखने लगे।
“क्या मतलब है तुम्हारा, मैं किसी लड़की के ऑर्डर नहीं बजाता।” साहिल ने कहा तो रोहित बोला “रहने दो यार, कुछ दिन पहले, रात में सी… सी…. सू….. सू जो कर रहे थे हरी मिर्च खा के, वह क्या था। तुम्हारी हालत छुपी नहीं थी, फ्रिज से सारा जूस पी गया था तू।” यह बात सुन कर सभी हंसने लगे। साहिल ने रोहित पर चढ़ाई कर दी तो रोहित वहां से भागा। न्यूटन उसके पीछे-पीछे।
कुछ देर बाद सिमरन बोली “अरसलान आगे का क्या प्लान है।”
“मैं समझा नहीं सिमरन?” अरसलान बोला,
तो सिमरन ने कहा “तुम्हारी जॉब तो अब ठीक ठाक चल रही है, पर प्रोफेशनल लाइफ के अलावा, अपनी लाइफ का भी सोचो, शादी का क्या सोचा है तुमने।”
अरसलान बोला “अभी सोचा नहीं, तुम दोनों करो पहले, फिर मैं भी सोचूंगा। एक बार में एक शादी हो तो टेंशन कम होती है।”
“हमारी तो हो ही जाएगी, पापा ने तैयारी भी शुरू कर दी है, पर तुमको तो जैसे इन सब में कोई इंटरेस्ट ही नहीं है। पहले कॉलेज में पढ़ाई और अब ऑफिस में काम। बस यही जिंदगी है तुम्हारी। कैसे चलेगा इस तरह।
हिना बोली “सही कहा राज तुमने, अरसलान अब कुछ सोचो आगे के लिए। कब तक ऐसे अकेले रहोगे।”
सना ने भी हां में हां मिलाया और बोली “देखो साहिल की भी गर्लफ्रेंड हो गई है। रोहित को इग्नोर करो, उसकी तो उसके मॉम-डैड ही करेंगे, क्योंकि उसे कंट्रोल करने के लिए कोई हंटर वाली ही लानी पड़ेगी।”