तेरी उल्फत में – एम्प्लॉय और एम्प्लॉयर – क़िस्त 11
पापा के हुक्म पर कशिश को अरसलान को लेने जाना पड़ा। नाराज़गी, कॉफ़ी का इनकार और ऑफ़िस की सख़्त ऑडिट मीटिंग, पढ़िए तेरी उल्फ़त में की क़िस्त 11।

जिंदगी तेज़ी से बदल रही थी। अरसलान, न्यूटन और रोहित हॉस्टल से अब फ्लैट में आ गए थे। सभी ऑफिस में अब फुल टाइम वर्क कर रहे थे। शाम को सभी दोस्तों की पंचायत फ्लैट में ही लगती थी। कशिश काफ़ी जल्दी ही ऑफिस के काम को समझने लगी थी। उस शाम को भी सभी वहीं बैठे थे। इंडिया और इंग्लैंड का T-20 मैच चल रहा था कि तभी डोर बेल्ल बजी। न्यूटन दरवाज़े पे गया, खोला और फिर जल्दी से बंद करके भाग कर वापस हॉल में आ गया।
“क्या हुआ, कौन है।” राज ने पूछा।
“भाई, वह कशिश आई है।” न्यूटन ने सीरियस होते हुए कहा।
“तो, क्या हुआ, उसने क्या तुझे उधार दिया है जो इतना डरा हुआ है। डर तो ऐसा रहा है कि जैसे कोई चुड़ैल खड़ी देख ली हो।” रोहित बोला।
“वह चुड़ैलों से कई गुना आगे है, पर वह यहां क्या कर रही है।” अरसलान ने हंसते हुए कहा।
“अरे यार, यह क्या हरकत है वह दरवाजे पे खड़ी है और तुम सब… …”हिना उठते हुए बोली।
हिना ने जाकर दरवाजा खोला तो कशिश गुर्राते हुए अंदर दाखिल हुई “कहां है वह पढ़ाकू केचुवा, दरवाजा खोल के फिर बंद करके भाग गया था।”
न्यूटन ज़बरदस्ती मुस्कुरा दिया। सना माहौल संभालते हुए बोली “क्या हुआ कशिश तुम यहां कैसे।”
“अरसलान चलो, पापा ने तुमको बुलाया है।” कशिश इग्नोर करती हुई बोली।
“क्यों क्या बात हो गई।” अरसलान ने उठते हुए कहा।
“मुझे नहीं बताया, बस तुमको लाने को कहा, कसम से तुम्हारा ड्राइवर बना दिया है। एंप्लॉय और एंप्लॉयर का कोई डिफरेंस ही नहीं रखा है पापा ने” कशिश ने झल्लाते हुए कहा।
“ओके, कशिश, मैं तैयार होता हूं, तुम बैठो, वैसे तुमने क्यों तकलीफ की, कॉल कर देती मैं खुद आ जाता।”
“ओह, कितनी फ़िक्र है तुमको मेरी, और पापा को पता चलता तो मुझपर नाराज़ होते। अब टाइम ना वेस्ट करो और तैयार हो।” कशिश ने दांत पीसते हुए कहा।
कशिश के गुस्से को देख सब वहां से खिसक लिए। अरसलान अंदर चला गया। कुछ देर बाद वह वापस तैयार होकर आया। उसके हाथ में एक कप कॉफी थी।
“यह लो कशिश कॉफी पी लो।” अरसलान ने कहा।
“मुझे नहीं पीना।” कशिश ने झल्लाते हुए कहा।
“आई एम सॉरी कशिश कि मेरी वजह से तुमको यहां आना पड़ा। कोशिश करूंगा कि फिर ऐसा ना हो।”
कशिश ने कुछ नहीं कहा और कॉफी ले ली। फिर बिना कुछ बोले उसने कॉफी खत्म कर दी।
“अब चलो” कशिश ने अरसलान को घूर कर कहा। अरसलान मुस्कुरा कर आगे बढ़ गया।
कुछ देर बाद अरसलान शमशेर खान के सामने था।
“आओ – आओ अरसलान, बैठो, असल में एक बहुत ही जरूरी काम आ गया था। इसलिए तुमको इस वक्त बुला लिया। प्रोजेक्ट के सिलसिले में कुछ जरूरी राय लेनी थी। मोहित और सिमरन भी आते होंगे। तुम चाय लोगे या कॉफी।”