होम / फ़नकार / रॉबर्ट डाउनी जूनियर! नशा, जेल, मोहब्बत और आयरन मैन, हार कर जीतने वाले फ़नकार की दास्तान!
फ़नकार

रॉबर्ट डाउनी जूनियर! नशा, जेल, मोहब्बत और आयरन मैन, हार कर जीतने वाले फ़नकार की दास्तान!

जेल की सलाख़ों से Iron Man और ऑस्कर तक, रॉबर्ट डाउनी जूनियर की गिरावट, मोहब्बत और वापसी की सच्ची दास्तान। पढ़िए उनकी पूरी जीवनी हिंदी में।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर की जीवनी, जेल से ऑस्कर तक की दास्तान

कहानी गहरी है, हर सफ़ा आपके दिल में उतर जायेगा

“रॉबर्ट की ज़िन्दगी के सबसे अच्छे और सबसे बुरे लम्हे, दोनों दुनिया की नज़रों के सामने गुज़रे। उन्हें अपने करियर से कहीं आगे की रुकावटें पार करने के लिए अपने अंदर एक तवाज़ुन ढूँढना पड़ा। यही तो Tony Stark है।”

Jon Favreau, डायरेक्टर, Iron Man (2008)

2 मई 2008 को Iron Man रिलीज़ हुई, और पहले ही वीकेंड पर क़रीब 98.6 मिलियन डॉलर और दुनियाभर में 585 मिलियन डॉलर से ज़्यादा की कमाई की। और फ़िल्म के आख़िरी सीन में वो चार अल्फ़ाज़ गूँजे: “I am Iron Man.” कहा जाता है कि यह लाइन स्क्रिप्ट में थी ही नहीं, रॉबर्ट ने इसे अपनी तरफ़ से बोल दिया था, और प्रोड्यूसर Kevin Feige ने इसे फ़िल्म में रख लिया। उस एक लाइन ने सुपरहीरो फ़िल्मों का ‘छुपी पहचान’ वाला पुराना फ़ॉर्मूला ही बदल दिया।

Iron Man (2008) से लेकर Avengers: Endgame (2019) तक, Robert Downey Jr. ने Tony Stark को सिर्फ़ निभाया नहीं, बल्कि वो ख़ुद Tony Stark बन गए। करिश्माई, ज़िद्दी, flawed और brilliant! दोनों की ज़िन्दगियों में एक गहराई थी, एक redemption arc था।

“Tony Stark ने एक सूट बनाया था लड़ने के लिए, और Robert Downey Jr. ने एक किरदार बनाया जीने के लिए।”

2008 की Iron Man ने Robert की क़िस्मत पलट दी। वो ना सिर्फ़ एक किरदार बन गए, बल्कि MCU की जान बन गए।

आयरन मैन से एवेंजर्स तक का सफ़र जो एक मिसाल बन गया!

Iron Man ने बॉक्स ऑफ़िस पर धमाका किया। फिर आए Iron Man 2 (2010), The Avengers (2012), Iron Man 3 (2013), Avengers: Age of Ultron (2015), Captain America: Civil War (2016), Spider-Man: Homecoming (2017), Avengers: Infinity War (2018) और इस सफ़र का शानदार अंजाम, Avengers: Endgame (2019)। इस फ़्रेंचाइज़ ने Robert को, या कहिए रॉबर्ट ने इस फ़्रेंचाइज़ को, बुलंदियों तक पहुँचा दिया। Forbes की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले एक्टर्स की लिस्ट में वो 2013 से 2015 तक लगातार तीन साल पहले नंबर पर रहे। वो बन गए असल ज़िन्दगी के Tony Stark!

Iron Man का जो सफ़र उन्होंने “I am Iron Man” कह कर शुरू किया था, उसे ख़त्म भी उसी अंदाज़ में किया: “I am Iron Man!” बस फ़र्क़ सिर्फ़ इतना था कि जब 2008 में Iron Man के आख़िर में उन्होंने यह कहा था, तब पूरी दुनिया ख़ुशी से झूम उठी थी। पर जब उन्होंने यही अल्फ़ाज़ 2019 में Endgame में कहे, तो पूरी दुनिया की आँखों में सिर्फ़ नमी थी। रॉबर्ट ने Iron Man के किरदार को हम सब की रूह में उतार दिया है, शायद ही अब हम कभी किसी और को इस रोल में क़बूल कर पाएँ।

“जिन लफ़्ज़ों में लहू हो, उन्हीं से तवारीख़ लिखी जाती है।”

दूसरी पारी का जलवा, ट्रॉपिक थंडर से शर्लॉक होम्स तक

Iron Man वाले साल, यानी 2008 में ही Tropic Thunder आई, जिसके लिए रॉबर्ट को दूसरा ऑस्कर नामांकन मिला। 2009 में Guy Ritchie की Sherlock Holmes में मशहूर जासूस बनकर उन्होंने Golden Globe जीता। यानी जो एक्टर कुछ साल पहले ‘बीमा के लायक़’ भी नहीं माना जाता था, वही अब हॉलीवुड का सबसे भरोसेमंद नाम था। वक़्त ने करवट ले ली थी।

Oppenheimer | “मेरे बुरे बचपन का शुक्रिया”

सुपरहीरो का सूट उतरा, तो दुनिया ने फिर वो अदाकार देखा जिसे Chaplin के ज़माने में सबने सलाम किया था।

Endgame के बाद कई लोगों ने मान लिया था कि रॉबर्ट अब हमेशा के लिए Tony Stark बनकर रह जाएँगे। मगर 2023 में Christopher Nolan की Oppenheimer में उन्होंने Lewis Strauss का किरदार निभाया, एक ऐसा आदमी जो मुस्कान के पीछे जलन और साज़िश छुपाए रखता है। न कोई सूट, न कोई मज़ाक़, बस ख़ामोश और ठंडी अदाकारी। उस सीज़न में उन्होंने Golden Globe, BAFTA, SAG और Critics’ Choice, सब अपने नाम कर लिए।

फिर आई 10 मार्च 2024 की रात। तीसरे नामांकन पर, Chaplin के 31 साल बाद, रॉबर्ट को उनका पहला Academy Award मिला। और स्टेज पर आते ही उन्होंने जो कहा, वो उनकी पूरी दास्तान का निचोड़ था: “मैं शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ अपने बुरे बचपन का, और अकादमी का, इसी तरतीब में।”

फिर पत्नी Susan की तरफ़ देखकर मुस्कुराते हुए बोले कि सूज़न को वो एक गुर्राते हुए ‘रेस्क्यू पेट’ की तरह मिले थे, और सूज़न ने प्यार से उन्हें फिर से ज़िन्दगी में लौटा दिया। और आख़िर में एक बात जो हर उस इंसान को सुननी चाहिए जो दूसरा मौक़ा माँग रहा है: “मुझे इस काम की उससे कहीं ज़्यादा ज़रूरत थी, जितनी इस काम को मेरी।”

59 साल की उम्र में, सितंबर 2024 में, उन्होंने McNeal नाटक से Broadway पर पहला क़दम रखा, और HBO की सीरीज़ The Sympathizer (2024) में एक साथ कई किरदार निभाकर दिखा दिया कि फ़नकार के अंदर की भूख अभी भी ज़िंदा है।

टोनी स्टार्क की ख़ामोशी और डॉक्टर डूम की वापसी!

जब Avengers: Endgame में Tony Stark ने अपनी जान की क़ुर्बानी दी, तो उस लम्हे ने सिर्फ़ थानोस को नहीं, बल्कि करोड़ों दर्शकों के दिल को भी हिला कर रख दिया। “I am Iron Man” का वो आख़िरी डायलॉग किसी तल्ख़ अलविदा की तरह नहीं, बल्कि एक युग का ख़ात्मा था। उसके बाद से MCU की फ़िज़ा में जैसे कोई ख़ालीपन तैरता रहा।

दर्शकों ने Iron Man को वापस लाने की पुरज़ोर इल्तिजा की। Reddit से लेकर YouTube तक, हज़ारों fan theories सामने आईं। कोई कहता multiverse में उसकी एक और शख़्सियत ज़िंदा है,
कोई कहता AI form में Tony Stark लौटेगा।

मगर MCU चाहकर भी वो जादू वापस न ला सका, जो 2008 से लेकर Endgame तक Robert Downey Jr. ने सिनेमाई परदे पर बिखेरा था। चाहे नए सुपरहीरोज़ आए हों, या multiverse का शोर, मगर दर्शकों की निगाहें उस लहजे, उस तेवर, उस फ़लसफ़े वाले हीरो को ढूँढती रहीं, जिसे वो Iron Man कहते थे। शायद यही वजह है कि 27 जुलाई 2024 को San Diego Comic-Con के Hall H में Marvel ने वो ऐलान किया, जिसने फ़ैंस के दिलों में फिर से धड़कन जगा दी। स्टेज पर एक नक़ाबपोश शख़्स आया, और जैसे ही उसने नक़ाब उतारा, पूरा हॉल चीख़ उठा। वो रॉबर्ट थे।

Robert Downey Jr. MCU में वापसी कर रहे हैं, मगर इस बार Iron Man नहीं, बल्कि एक नए रूप में: Victor von Doom, यानी Doctor Doom। इस बार एक हीरो नहीं, एक ख़ौफ़ बनकर! जुलाई 2026 में आए ट्रेलर में दुनिया ने पहली बार उन्हें Doom के लोहे के नक़ाब में देखा। उन्हें Avengers: Doomsday (18 दिसंबर 2026) और Avengers: Secret Wars (17 दिसंबर 2027) में इस किरदार में देखा जाएगा, और दोनों फ़िल्मों के डायरेक्टर हैं वही Russo Brothers, जिन्होंने Endgame बनाई थी।

“शायद एक ताबीर ख़त्म हुई है, मगर एक नई तहरीर लिखी जा रही है।
वो लौटा है, ताज बदलकर, मगर रूह वही है।”

विरासत

याद है वो अदालत? 1999 का वो शख़्स, जिसने कहा था कि उसे बंदूक़ के लोहे का ज़ायक़ा अच्छा लगने लगा है? पच्चीस साल बाद वही शख़्स ऑस्कर की ट्रॉफ़ी थामे खड़ा था, और अपने बुरे बचपन का शुक्रिया अदा कर रहा था। बंदूक़ की नाल से ऑस्कर की ट्रॉफ़ी तक, यह सफ़र किसी सुपरहीरो फ़िल्म से कम नहीं।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर की विरासत सिर्फ़ उनकी फ़िल्में, अवॉर्ड्स या कमाई नहीं है। 2019 में उन्होंने Footprint Coalition की शुरुआत की, जो टेक्नोलॉजी के ज़रिए इस धरती को बचाने की कोशिशों में सरमाया लगाता है। मगर उनकी असली विरासत एक यक़ीन है: इंसान कितना भी नीचे गिर जाए, वापसी का रास्ता हमेशा खुला रहता है। बस किसी को हाथ थामना होता है, और ख़ुद को हाथ बढ़ाना होता है। एक Mel Gibson, एक Susan, एक Jon Favreau… और एक रॉबर्ट, जिसने आख़िरकार ख़ुद को एक मौक़ा दिया।

यह सफर सिर्फ़ हॉलीवुड का नहीं है। बॉलीवुड में भी शाहरुख़ ख़ान ने एक आम घर से निकलकर किंग ख़ान बनने तक का सफर तय किया है, और साबित किया है कि संघर्ष और जज्रा की कोई भाषा नहीं होती, ना ही कोई मुल्क।

इसलिए मेरे दोस्त, अगर तुम आज किसी अंधेरे में हो, अगर लोगों ने तुम्हें लिख कर ख़ारिज कर दिया है, तो रॉबर्ट को याद करना। वो आदमी जिसे कोई बीमा कंपनी हाथ लगाने को तैयार नहीं थी, आज दुनिया का सबसे चहेता सुपरहीरो है। तुम्हारी कहानी भी अभी ख़त्म नहीं हुई। बस एक दिन, एक फ़ैसला, एक Burger King के बाहर वाली शाम… और फिर पूरी दुनिया के सामने सीना तान कर कहना: “I am Iron Man!”

इन्हें भी पढ़िए

FAQs | रॉबर्ट डाउनी जूनियर के बारे में कुछ सवाल

रॉबर्ट डाउनी जूनियर का जन्म कब और कहाँ हुआ?

उनका जन्म 4 अप्रैल 1965 को न्यूयॉर्क सिटी के मैनहैटन में हुआ। 2026 में वो 61 साल के हैं।

क्या रॉबर्ट डाउनी जूनियर जेल गए थे?

हाँ। 1999 में ड्रग्स से जुड़े मामलों और प्रोबेशन तोड़ने पर उन्हें तीन साल की सज़ा हुई थी, मगर क़रीब एक साल बाद 2000 में वो रिहा हो गए।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने ड्रग्स कब छोड़े?

वो 2003 से सोबर हैं। इसका श्रेय वो अपनी पत्नी Susan Downey के साथ, दोस्त Mel Gibson की मदद और अपनी मेहनत को देते हैं।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर को ऑस्कर किस फ़िल्म के लिए मिला?

उन्हें Oppenheimer में Lewis Strauss के किरदार के लिए मार्च 2024 में Best Supporting Actor का ऑस्कर मिला। इससे पहले वो Chaplin और Tropic Thunder के लिए नामांकित हो चुके थे।

क्या रॉबर्ट डाउनी जूनियर MCU में वापस आ रहे हैं?

हाँ, मगर Iron Man बनकर नहीं। वो Doctor Doom के किरदार में Avengers: Doomsday (18 दिसंबर 2026) और Avengers: Secret Wars (17 दिसंबर 2027) में नज़र आएँगे।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर की पत्नी कौन हैं?

उनकी पत्नी Susan Downey एक फ़िल्म प्रोड्यूसर हैं। दोनों की मुलाक़ात 2003 में Gothika के सेट पर हुई और 2005 में शादी हुई। उनके दो बच्चे हैं, Exton और Avri, जबकि पहली शादी से रॉबर्ट का एक बेटा Indio है।