तेरी उल्फत में – एम्प्लॉय और एम्प्लॉयर – क़िस्त 11 (पन्ना 6)
“चलिए अच्छा ही है, इसी बहाने आप मुझको याद करिएगा, जब कभी आपको मोहब्बत हो तो मुझे इस बात की खुशी होगी कि मेरी वजह से आप दोबारा मोहब्बत पर यकीन तो करने लगे।” लड़की ने कहा।
“अच्छा आपका नाम क्या है!” न्यूटन ने पूछा।
“आपने तो चुड़ैल रखा था, शायद।” लड़की ने कहा।
“हा हा हा, आपका असल नाम क्या है।” न्यूटन ने पूछा।
“मेरे दोस्त और घर वाले मुझे सोनी कहते हैं।” लड़की ने कहा।
“तो क्या मैं भी आपको सोनी कहकर पुकारूं?” न्यूटन ने कहा।
“क्यों किस लिए, यह सिर्फ मेरे दोस्तों का हक है।” लड़की ने जवाब दिया।
“तो क्या हम दोस्त नहीं बन सकते” न्यूटन ने हैरत से कहा।
“क्यों, आपके तो कई अच्छे दोस्त हैं।” लड़की ने जवाब दिया।
“हां पर अगर हम और आप दोस्त बन जाएंगे तो क्या बुराई है।” न्यूटन ने कहा।
“मेरे कई दोस्त हैं, साहिल साहब। पर इंसान सारी जिंदगी सिर्फ दोस्तों के साथ नहीं काट सकता, एक वक्त ऐसा आता है जब उसे हमसफर की जरूरत होती है, जो उसके साथ जिंदगी के सफर में साथ चले। उसे समझे, मोहब्बत करे। मुझे आप में वह शख्स दिखा था, मुझे लगा था कि शायद आपके साथ मैं जिंदगी के सफर को तय करूंगी। मैंने सोचा था कि शायद आप मुझे उतना ना चाहें जितना मैं आपको, पर आप इतने भी बुरे इंसान नहीं हैं कि मोहब्बत के बदले मुझे नफरत देते….” यह कहकर लड़की चुप हो गई।
“पर हर रिश्ते में दोस्ती जरूरी होती है। और आपने ही तो कहा था कि हर इंसान को दूसरा मौका मिलना चाहिए। “न्यूटन ने अपनी बात रखी”।
“ओह तो अब आपको लगता है कि मैं सही थी।” लड़की ने कहा।
“हां, इसलिए मैं आपसे माफ़ी भी मांग रहा हूं और एक नई शुरुआत करना चाहता हूं।” न्यूटन बोला।
“साहिल मुझे पता है कि आप गिल्टी फील कर रहे हैं, और शायद आपको मुझपर तरस आया हो, पर मैं ऐसे किसी रिश्ते में दिलचस्पी नहीं रखती। “लड़की ने जवाब दिया तो न्यूटन बोला” नहीं आप गलत समझ रही हैं, मुझे अपनी गलती का एहसास है और मेरे दोस्तों की भी यही राय है कि।”
“आपको अपनी गलती का एहसास हुआ है या आप अपने दोस्तों के कहने पर ऐसा कर रहे हैं।” लड़की ने एक टका सा जवाब दिया। न्यूटन चुप रहा, वह समझ नहीं पा रहा था कि कैसे उस लड़की को यकीन दिलाए कि वह सच में शर्मिंदा है और अब अपनी गलती को सुधारना चाहता है।
“क्या हुआ साहिल, आप चुप क्यों हो गए?” लड़की ने पूछा।
“अब मैं क्या कह सकता हूं, गलती मेरी है और मेरे पास कोई तरीका नहीं है जिससे मैं यह सबित कर सकूं कि जो मैं कह रहा हूं वह सच है।” न्यूटन ने हथियार डालते हुए कहा।